
यरुशलम। इजरायल और ईरान एक दूसरे पर लगातार हमले जारी रखे हुए हैं। इस बीच इजरायली सेना ने बताया है कि वह एक या दो सप्ताह के भीतर ईरान के खिलाफ अपने लक्ष्यों को हासिल कर लेगी। आईडीएफ के अधिकारियों ने मंगलवार 17 जून को ये जानकारी दी। मंगलवार को इजरायली वायुसेना ने पश्चिमी ईरान में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों के खिलाफ हवाई हमलों की एक लहर चलाई। सेना ने बताया कि लड़ाकू विमानों ने दर्जनों लॉन्चरों और अन्य सुविधाओं को निशाना बनाया।



ईरान पर इजरायल का हमला जारी
IDF के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने मंगलवार शाम को पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इजरायली वायु सेना के 60 फाइटर जेट ने कई घंटे पहले ‘ईरान के दिल में हमलों’ के लिए उड़ान भरी। इस दौरान इजरायल को टारगेट करने वाले लॉन्चरों को निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि इजरायली हमलों के कारण ईरान की सेना मध्य ईरान में वापस आ गई है। ‘अब वे इस्फहान से लॉन्च करने का प्रयास कर रहे हैं।’
ईरान के 40 फीसदी मिसाइल लॉन्चर तबाह
आईडीएफ ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान अब तक ईरान के लगभग 40 प्रतिशत बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर (लगभग 200) को नष्ट या निष्क्रिय कर दिया गया है। इससे इजरायल पर ईरान की मिसाइल दागने की क्षमता कम हुई है। आईडीएफ ने कहा कि इसी वजह से ईरान इजरायल पर मिसाइलों के छोटे-छोटे हमले कर रहा है। समाचार एजेंसी एएफपी के पत्रकारों ने बताया कि मंगलवार शाम को ईरान की राजधानी तेहरान में जोरदार धमाके सुनाई दिए। ये धमाके उत्तर, पश्चिम और मध्य तेहरान में सुने गए।

