
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के हुई भस्म आरती में भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह शामिल हुए। पहली बार भस्म आरती में पहुंचे रिंकू सिंह करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल के दर्शन करते रहे। इस दौरान वे हाथ जोड़कर भगवान का ध्यान और महाकाल का जाप करते नजर आए। आरती के बाद उन्होंने मंदिर की देहरी से बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया और पुजारियों के माध्यम से जल अर्पित किया।



रिंकू सिंह सुबह करीब 4 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। भस्म आरती की पूरी प्रक्रिया के दौरान वे नंदी हॉल में बैठे रहे। भस्म आरती में भगवान महाकाल के दर्शन कर वे काफी देर तक भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर समिति की ओर से उनका सम्मान भी किया गया। दर्शन के बाद रिंकू सिंह ने मीडिया से कहा कि “यहां आकर बहुत अच्छा लगा। बहुत अच्छे से दर्शन हुए। पहली बार भस्म आरती में शामिल हुआ। महाकाल जी के दर्शन कर धन्य हो गया।”

