तेहरान। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ऐलान किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है। हालांकि, यह जलडमरूमध्य इजरायल-लेबनान संघर्ष विराम की शेष अवधि के लिए ही खोला गया है, जो गुरुवार से अगले 10 दिनों तक के लिए प्रभावी है। ऐसे में फारस की खाड़ी में फंसे जहाज अब होर्मुज को पार कर अपनी यात्रा पूरी कर सकते हैं। इन जहाजों पर करीब 20000 कर्मी भी सवार हैं, जो 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हवाई हमलों के बाद फंसे हुए हैं।

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक्स पर लिखा, “लेबनान में संघर्ष विराम के अनुरूप, होर्मुज जलडमरूमध्य से सभी वाणिज्यिक जहाजों के गुजरने का मार्ग, संघर्ष विराम की शेष अवधि के लिए, पूरी तरह से खुला घोषित किया गया है। यह मार्ग उसी समन्वित मार्ग पर स्थित है जिसकी घोषणा इस्लामिक गणराज्य ईरान के बंदरगाह और समुद्री संगठन द्वारा पहले ही की जा चुकी है।

होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से लगभग 800 जहाज फंस गए थे। इसमें लगभग 187 से अधिक आॅयल टैंकर शामिल हैं। इससे वैश्विक ऊर्जा संकट पैदा हो गया है। इन जहाजों पर सवार कर्मियों ने पिछले एक महीने से ज्यादा समय से जमीन नहीं देखा है। हालांकि अब ईरान के ऐलान के बाद इन जहाजों के तेजी से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने की उम्मीद है।

ईरान ने पहले ही शर्त रखी थी कि वह लेबनान में सीजफायर के बिना होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलने वाला है। इस कारण अमेरिका के साथ संघर्षविराम होने के बावजूद ईरान ने सीमित मात्रा में होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही शुरू की थी। एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया था कि दोनों देश 10 दिनों के संघर्ष विराम पर सहमत हुए हैं। उन्होंने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को धन्यवाद भी दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version