
रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेल से भेजे एक संदेश में दावा किया कि भाजपा विपक्ष शासित राज्यों में सरकारें गिराने की कोशिश कर रही है लेकिन लोकतंत्र को विफल नहीं होने दिया जाएगा। हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन ने रविवार को यहां आयोजित एक विशाल रैली में उनका संदेश पढ़ा।
कल्पना ‘उलगुलान न्याय’ रैली को संबोधित कर रही थीं, जिसमें विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल 28 दलों के नेता शामिल हुए। कल्पना ने आरोप लगाया, ‘‘दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मेरे पति हेमंत सोरेन को चुनाव से ठीक पहले उन ताकतों ने जेल में डाल दिया, जो उनकी सरकारों के खिलाफ साजिश रच रही थीं।’’
हेमंत का संदेश पढ़ते हुए उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है, लेकिन भाजपा और ऐसी ताकतों को झारखंड से खदेड़ दिया जाएगा।’’
जनता से भाजपा को हराने का आग्रह करते हुए कल्पना ने दावा किया कि यदि पार्टी (भाजपा) मौजूदा चुनाव जीतती है, तो यह आदिवासियों के लिए एक ‘‘बड़ा खतरा’’ होगा।
कल्पना सोरेन के गांडेय विधानसभा सीट पर उपचुनाव लड़ने की संभावना है, जहां 20 मई को मतदान होगा।
ईडी ने कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में 31 जनवरी को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया था।
