
रांची। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत झारखंड की 51 महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर माह की सम्मान राशि हस्तांतरित कर दी गई । दीपावली और छठ महापर्व से पहले राशि मिलने से लाभुक महिलाओं को आर्थिक राहत मिली है। वे अब त्योहार की तैयारियों और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में इस राशि का उपयोग कर सकेंगी।



मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में संचालित इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, ताकि वे अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी सहयोग कर सकें।
लाभुक महिलाएं अपने बैंक खाते, एटीएम अथवा बैंकिंग एप के माध्यम से राशि जमा होने की स्थिति की जांच कर सकती हैं। किसी प्रकार की तकनीकी या बैंकिंग समस्या होने पर संबंधित प्रखंड कार्यालय, बैंक शाखा अथवा जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संपर्क किया जा सकता है।

