
रांची । जेपीएससी (झारखंड लोक सेवा आयोग) और जेएसएसी (झारखंड कर्मचारी चयन आयोग) की ओर से आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है। छात्रों की ओर से 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा मार्च का ऐलान किया गया है। इससे पहले राज्य सरकार की ओर से प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों पर कुछ ठोस निर्णय लिए जाने की संभावना है।
हेमंत सोरेन सरकार की ओर से छात्रों की मांगों के अनुसार 14वीं जेपीएससी पीटी को रद्द करने और परीक्षाओं में कथित अनियमितता की जांच के लिए न्यायिक जांच पर निर्णय लिए जाने की संभावना है। इसके अलावा प्रतियोगिता परीक्षाओं में सुधार के लिए भी सरकार कुछ ठोस कदस उठाने पर फैसला ले सकती है।
इस बीच जमशेदपुर में शहीद निर्मल महतो की शहदत दिवस कार्यक्रम से लौटकर आने के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों से बातचीत के लिए अधिकृत चार मंत्रियों के साथ बैठक की। मंत्री सुदिव्य कुमार, चमरा लिंडा, दीपिका पांडे सिंह और संजय प्रसाद यादव ने छात्रों के दो गुटों के साथ बातचीत की। इस बातचीत के दौरान छात्रों की प्रमुख मांग और समस्या के समाधान को लेकर सीएम के साथ चर्चा की गई।
मंत्री संजय यादव ने मीडिया को जानकारी दी है कि रविवार दोपहर 12 बजे छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत का एक और दौर होगा। इस अगली बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि सरकार इस बार छात्रों के गुस्से को शांत करने और आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से खत्म कराने के लिए नए विकल्पों पर विचार कर सकती है।

