
गुमला। जिला प्रशासन एवं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी गुमला के संयुक्त तत्वाधान में उज्जना बिज्जना अभियान के तहत समाहरणालय परिसर चन्दाली में गुमला हाट एवं स्टेशनरी दुकान का उदघाटन सांसद श्री सुखदेव भगत ने किया। इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह, उपविकास आयुक्त दिलेश्वर महतो, परियोजना निदेशक आईटीडीए रीना हांसदा, अपर समाहर्ता सहित जिले के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
भगत ने पहल की सराहना की एवं दीदियों को गुमला हाट में सामग्रियों की गुणवत्ता बनाये रखने एवं अच्छी पैकेजिंग पर जोर देने की बात कही। हाट की शुरूआत का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्र के लोगों द्वारा स्थानीय स्तर पर बनाये जा रहे विभिन्न पारंपरिक सामग्रियों को एक सामूहिक बाजार उपलब्ध कराना है। साथ ही समाहरणालय में विभिन्न कार्यों हेतु आ रहे ग्रामीणों की सुविधा के लिए परिसर में ही स्टेशनरी दुकान सह फोटो कॉपी की शुरूआत भी की गई है। गुमला हाट एवं स्टेशनरी दुकान का संचालन पलाश, झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी गुमला अंतर्गत संपोषित गुमला रायडीह एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
