
चंडीगढ़। सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के वार्षिक चुनाव में शुक्रवार को मौजूदा प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी को लगातार छठी बार अध्यक्ष चुन लिया गया। अमृतसर स्थित एसजीपीसी मुख्यालय के तेजा सिंह समुंद्री हॉल में हुए चुनाव में धामी के नाम पर सर्वसम्मति बनी।



एसजीपीसी के कुल 190 सदस्यीय सदन में इस बार केवल 138 सदस्यों को मतदान का अधिकार था। पांच सिंह साहिबान को वोट डालने का अधिकार नहीं था। वहीं, 39 सदस्यों की मृत्यु, पांच के इस्तीफे और तीन सदस्यों पर सदन की बैठक में शामिल होने की रोक के कारण 47 सदस्य चुनाव प्रक्रिया से बाहर रहे। इसके बावजूद धामी के नाम पर सर्वसम्मति बन गई।
चुनाव से पहले प्रधान पद के उम्मीदवार का चयन करने का अधिकार शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को सौंपा गया था। पिछले कुछ दिनों से चर्चा थी कि हाल ही में अकाली दल में शामिल हुई बीबी जागीर कौर को इस बार एसजीपीसी का प्रधान बनाया जा सकता है। हालांकि, उनके नाम पर सहमति नहीं बन सकी और अंतिम समय में एक बार फिर हरजिंदर सिंह धामी को अध्यक्ष चुन लिया गया।

