गुमला। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने शनिवार को मतदान को लेकर प्रेस कान्फ्रेंस किया। उपायुक्त ने कहा कि 13 मई को सुबह सात बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। उन्होंने कहा कि मतदान के पूर्व अंतिम 48 घंटे कानून व्यवस्था तथा अनुकूल वातावरण निर्माण के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। आज संध्या 5 बजे से लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 126 के तहत मतदान के समापन के लिए नियत समय के साथ समाप्त होने वाली 48 घंटे की अवधि में प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। सार्वजनिक बैठक, जुलूस, सभा आदि पर प्रतिबंध को कड़ाई से लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चुनाव कार्य से जुड़े जिम्मेदार अधिकारी नियमों का सख्ती से अनुपालन करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन अभियान अवधि के समापन के पश्चात कोई अभियान नहीं होगा। राजनीतिक कार्यकर्ता, पार्टी कार्यकर्ता, अभियान कार्यकर्ता, जो निर्वाचन क्षेत्र से बाहर से लाए गए हैं और क्षेत्र के मतदाता नहीं है, उन्हें अभियान अवधि समाप्त होने के तुरंत बाद क्षेत्र को छोड़ देना है। 48 घंटे की अवधि के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव के दौरान किसी भी मीडिया कर्मी को मतदान केंद्र के अंदर जाकर कवरेज करने की अनुमति नहीं होगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि किसी अभ्यार्थी, उनके एजेंट द्वारा मतदान केंद्रों व मतदाताओं को नि:शुल्क वाहन प्रदान करना आदर्श आचार संहिता के नियम के विरुद्ध होगा। मतदाता स्वयं अथवा परिवार के सदस्यों के निजी वाहनों से मतदान करने मतदान केंद्र तक जा सकते हैं अथवा सरकार द्वारा सहयोग के लिए संचालित वाहनों का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी की मतदान केंद्रों के 100 मीटर की दूरी में किसी भी प्रकार की राजनैतिक गतिवधि निषेध होगी एवं मतदान केंद्र से 200 मीटर के दूरी के अंदर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा स्टॉल नही लगाया जाना है। वहीं पार्टी का प्रचार एवं पार्टी चिन्ह प्रतिनिधियों के नाम के पोस्टर्स व पर्ची का वितरण पूर्ण रूप से निषेध रहेगा । जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि आज संध्या 5 बजे के बाद से जिले में चुनाव के पूर्ण होने तक ड्राई डे की घोषणा की जाती है। इस दिन किसी भी प्रकार की लीकर की खरीद एवं बिक्री नहीं होगी।
मतदान को लेकर पुलिस प्रशासन की तैयारी पूरी : एसपी
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने कहा कि मतदान को लेकर पुलिस प्रशासन की पूरी तैयारी भी पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों एवं मतदान पदाधिकारियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन तैनात रहेगी। अंतर्रराज्य सीमाओं पर कड़े रूप से चेकिंग अभियान अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी के साथ सभी होटल एवं लॉज का भी औचक निरीक्षण किया जा रहा है ताकि दूसरे राज्य के लोग जो यहां के मतदाता नहीं हैं एवं राजनैतिक गतिवधि कर रहें हो पर कड़ी नजर रखी जा रही है। साथ ही इल्लीगल एक्सपेंडिचर पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा हर संभव तैयारियों को पूर्ण कर ली गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version