
सारण । सारण्य महोत्सव के सौजन्य से शुक्रवार को शहर के सकलधारी प्रसाद आईटीआई परिसर में समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी एवं सारण्य महोत्सव के संरक्षक डॉ संजय मयूख के लगातार तीसरी बार बिहार विधान परिषद सदस्य मनोनीत होने के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ।
समारोह में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक व सांस्कृतिक संगठनों के लोगों ने भाग लेकर उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि डॉ संजय मयूख ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का जरिया नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का आधार हैं। खेल में बेहतर भविष्य और रोजगार के कई अवसर मौजूद हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया और समाज, शिक्षा तथा युवाओं के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान सारण्य महोत्सव द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता सीपीएस स्कूल के छात्र-छात्राओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश राज ने बताया कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में चिंतन और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं।
मंच का सफल संचालन महासचिव श्याम बिहारी अग्रवाल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन भाजपा नेता धर्मेंद्र कुमार साह ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सीपीएस के डॉ हरेंद्र सिंह, राम दयाल शर्मा, इंजीनियर ललित कुमार सिंह, पत्रकार राकेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
