रांची । झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने भाजपा सरकार द्वारा शुरू किए गए अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलने का फैसला लिया है। गुरुवार को हुए मंत्रिमंडल की बैठक में झारखंड राज्य विश्वविद्यालय विधेयक, 2025 को मंजूरी देने सहित कुल 21 निर्णय लिए गए।

झारखंड सरकार ने गुरुवार को भाजपा सरकार द्वारा शुरू किए गए अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने कहा कि मंत्रिमंडल ने अटल मोहल्ला क्लीनिक योजना का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने राज्य की शहरी मलिन बस्तियों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को दूर करने के लिए अगस्त 2019 में इस योजना की शुरुआत की थी। राज्य में 140 अटल मोहल्ला क्लीनिक कार्यरत हैं, जो निःशुल्क और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हैं।

सोरेन मंत्रिमंडल द्वारा झारखंड राज्य विश्वविद्यालय विधेयक, 2025 को मंजूरी देने सहित कुल 21 निर्णय लिए गए। दादेल ने कहा कि वर्तमान में झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों के लिए अलग-अलग अधिनियम हैं। मेडिकल और एग्रीकल्चर विश्वविद्यालयों को छोड़कर सभी विश्वविद्यालयों के लिए एक व्यापक अधिनियम लाने का प्रस्ताव है। नियुक्तियों के लिए एक विश्वविद्यालय सेवा आयोग के गठन का भी प्रस्ताव है।

देवघर में एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले के मद्देनजर मंत्रिमंडल द्वारा 10 जुलाई से 10 अगस्त तक 28 अस्थायी मेला चौकियों और 19 अस्थायी ट्रैफिक चौकियों की स्थापना को मंजूरी दी गई।

मंत्रिमंडल ने संयुक्त भर्ती नियम 2025 के गठन के बाद पूर्व में प्रकाशित पुलिस भर्ती विज्ञापनों को निरस्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। भविष्य में होने वाली भर्तियों में पूर्व आवेदकों को शुल्क से छूट और सभी श्रेणियों के आवेदकों के लिए अधिकतम आयु सीमा में छूट को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में उर्दू सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए 4339 पदों के सृजन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version