
रांची । एम्बुलेंस सेवा को लेकर शिकायतों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा फैसला किया है। अब राज्यभर में ओला, उबर जैसे कांसेप्ट पर एम्बुलेंस शुरू की जाएंगी। सीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को ओला, उबर जैसे कांसेप्ट पर प्लान बनाकर एक हफ्ते के अंदर सबमिट करने का निर्देश दिया है।
जल्द भरे जाएंगे ANM-GNM के पद : सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक आधारित और अधिक जवाबदेह बनाने की योजनाओं को लेकर आला अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को एआई आधारित हेल्थ कॉल सेंटर स्थापित करने, एएनएम-जीएनएम और विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति और राज्य की रेफरल व्यवस्था का व्यापक ऑडिट कराने का आदेश दिया है।
ANM और GNM के रिक्त पदों की तुरंत बहाली करें। स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स और डॉक्टर्स की नियुक्तियां भी जल्द पूरी करें। प्रेगनेंट महिलाओं से जुड़ी खबरें सुनने को मिलती है, एम्बुलेंस सेवा को लेकर बहुत शिकायत आ रही हैं, यह भी अत्यंत चिंता का विषय है।एआई आधारित हेल्थ कॉल को शुरू करने का प्लान बनाएं। ओला, उबर जैसे कांसेप्ट पर राज्य भर में एम्बुलेंस शुरू करने का काम करें। इस कांसेप्ट पर एक हफ्ते पर प्लान बनाकर सबमिट करें।
ब्लड सेपरेशन यूनिट को स्थापित करें। ब्लड बैंक के लिए जरूरी लाइसेंस प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने का काम करें। पारदर्शिता रखने के लिए इसे भी App बेस्ड बनाने का काम करे। सरकारी ऑफिस और पुलिस कर्मियों के बीच ब्लड डोनेशन का निरंतर कैंप आयोजित कराने का काम करें।
रांची सदर अस्पताल में सेंट्रल रेडियोलॉजी हब की सराहना : मुख्यमंत्री ने रांची सदर अस्पताल में स्थापित सेंट्रल रेडियोलॉजी हब की सराहना करते हुए इसे सरकारी क्षेत्र में देश का पहला ऐसा मॉडल बताया, जिसके माध्यम से राज्य के सभी जिलों को जोड़ा गया है। समीक्षा बैठक में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी भी मौजूद रहे।
