पटना। जदयू के वरिष्ठ नेता एवं विधान परिषद सदस्य प्रो. गुलाम गौस ने कहा कि महागठबंधन की ओर से उपमुख्यमंत्री की घोषणा के बाद मुस्लिम समाज के लोगों की आंखें खुल जानी चाहिए। सिर्फ चार प्रतिशत आबादी वाली एक बिरादरी को सिर पर बैठाया जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ मुस्लिम समाज की जगह उनके चरणों में भी नहीं है। हालांकि, बिहार में जाति पर आधारित गणना की रिपोर्ट के मुताबिक मुस्लिम समाज की आबादी लगभग 18 प्रतिशत है। प्रो. गौस ने मुस्लिम समाज के लोगों से अपील की है कि वह भयमुक्त होकर एनडीए का समर्थन करें। प्रो. गौस ने कहा कि जब तक बिहार की कमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों में है, मुसलमानों का अहित करने की हिम्मत भी कोई नहीं कर सकता है।

दूसरी ओर, जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान पार्षद संजय सिंह ने शुक्रवार को तारापुर विधानसभा क्षेत्र में संग्रामपुर बाजार, चंदनिया, नवगाई, चंद्रपुरा, संहौरा, बढ़ौनिया, सौंडीहा, रहमतपुर, बिशय, नारायणपर व कमराय गांव में एनडीए प्रत्याशी सम्राट चौधरी के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाया।

संजय ने कहा कि जब से नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर अपने हाथ में ली तब से अपहरण उद्योग बंद हो गया। अपराधी बिल में घुस गए। नीतीश कुमार नक्सलवाद पर भी काम किया। आज कई नक्सली मुख्यधारा में आ गए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार सभी वर्गों के लिए काम करते हैं। चाहे अगड़ा हो, पिछड़ा हो, दलित हो, आदिवासी हो या फिर अल्पसंख्यक हो, सभी वर्ग के लिए काम किए गए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version