रांची। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्यभर में एलपीजी गैस आपूर्ति में उत्पन्न समस्या को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी हालत में सड़क पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दिखनी चाहिए, अन्यथा संबंधित एजेंसी के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी।

गुरुवार को रांची में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को पूरे मामले की व्यापक मॉनिटरिंग करने और हर जिले में नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और यदि गैस आपूर्ति में समस्या आती है, तो लोग 1967 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

मंत्री ने गैस एजेंसियों को लंबित डिलीवरी (बैकलॉग) को तत्काल समाप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि रांची, जमशेदपुर और धनबाद जैसे प्रमुख जिलों में इतनी बड़ी संख्या में बैकलॉग क्यों है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने निर्देश दिया कि इन जिलों में प्राथमिकता के आधार पर लंबित डिलीवरी को तुरंत क्लियर किया जाए और एलपीजी की उपलब्धता, मांग व सप्लाई चेन की लगातार समीक्षा की जाए। साथ ही शादी-विवाह और धार्मिक आयोजनों जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर गैस की कोई कमी न हो, यह सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मंत्री ने कालाबाजारी और अनावश्यक भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने साफ किया कि राज्य में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

अंत में उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे घबराएं नहीं। सभी उपभोक्ताओं को समय पर घर तक गैस की डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी और स्थिति को 7 से 10 दिनों के भीतर पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version