
पटना। संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने महागठबंधन के नेताओं और कार्यकतार्ओं पर राज्य की भोली-भाली महिलाओं को माई-बहिन योजना के नाम पर ठगने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। मंत्री विजय कुमार चौधरी ने शुक्रवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजद के कार्यकर्ताओं द्वारा तथाकथित माई-बहिन योजना का फॉर्म भोली-भाली ग्रामीण महिलाओं से भरवाया जा रहा है। यह सिर्फ ठगैती एवं झांसेबाजी है।
चौधरी ने कहा कि बिहार के लोग जानते हैं कि किसी भी योजना को पहले सरकार द्वारा मंजूरी दी जाती है। उसके बाद संबंधित विभाग द्वारा उसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया निर्धारित की जाती है। उसके बाद सरकारी कर्मियों द्वारा संभावित लाभार्थियों से सरकारी प्रपत्र भरवाया जाता है। तभी कोई लाभार्थी योजना के सही लाभ के हकदार होते हैं। महिलाओं एवं विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की कम पढ़ी-लिखी महिलाओं को भ्रमित करके माई-बहिन योजना का फॉर्म भरवाना बिल्कुल उनके साथ धोखाधड़ी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक प्रभावकारी योजनाएं चलाये जाने के कारण महिलाओं में उनकी बढ़ती लोकप्रियता से महागठबंधन के नेतागण छटपटाहट में हैं। आने वाले चुनाव में सत्ता के करीब भी पहुंचना असंभव मानते हुए, ये निराशा में उचित-अनुचित का फर्क भूल गए हैं तथा झांसेबाजी पर उतर आए हैं। लेकिन जनता इन्हें पहचानती है और वह ठगाने वाली नहीं है।
