मेदिनीनगर। नेशनल हाइवे-39 निर्माण स्थल पर रंगदारी के लिए फायरिंग करने पहुंचे गैंगेस्टर राहुल सिंह गैंग के चार गुर्गों को सोमवार रात को गिरफ्तार किया । उनके पास से विदेशी पिस्टल के अलावा दो हथियार, 9 एमएम की 50 राउंड गोली, रंगदारी से वसूले गए 22 हजार रूपए, गोलीकांड में इस्तेमाल चोरी की तीन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं।

मंगलवार को एएसपी अभियान राकेश कुमार ने प्रेस ब्रीफिंग में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रंगदारी के लिए चारों अपराधी सोमवार रात नेशनल हाइवे निर्माण स्थल पर फायरिंग करने के लिए निकले थे। अपराधी पहले सिंगरा गए, लेकिन वहां भीड़भाड़ होने के कारण वहां से निकले और दूसरी साइट की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में गुप्त सूचना पर पोखराहा अकड़ाही आहर के पास चारों को दो अलग अलग मोटरसाइकिल पर संदिग्ध स्थिति में रोका गया और तलाशी ली गयी तो हथियार और नगद बरामद किया गया। पूछताछ में पूरी घटना का खुलासा हुआ।

बताया गया कि यह लोग संगठित अपराध गिरोह से जुड़े हैं, जो पैसा लेकर मुख्यत: लेवी वसूलने का कार्य करते हैं। चार में से तीन लोगों का आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ के क्रम में मालूम हुआ कि चार जुलाई को ग्राम सिंगरा फ्लाइओवर निर्माण कार्य में गोली चली थी, जिसमें एक मजदूर को गोली लगी थी। उस घटना को एक मोटरसाइकिल से जाकर सहजाद आलम और साहिल कुमार ने अंजाम दिया था। गैंगेस्टर राहुल सिंह के कहने पर उनके गुर्गों के उपलब्ध कराये गए हथियार से सहजाद आलम ने गोली मारी थी। अन्य जगहों पर भी इनलोगों ने घटना को अंजाम देने की कोशिश की गयी, लेकिन वे नाकाम रहे। सिंगरा गोलीकांड में प्रयोग किया गया हथियार और बाइक भी बरामद की गयी है।

एएसपी ने बताया कि राहुल सिंह गैंग इन गुर्गों को खर्च के साथ साथ हथियार और समय-समय पर मुहैया कराता है। विदेशी हथियार अस्ट्रिया का बना हुआ है। यह हथियार ज्यादातर बड़े पुलिस या अन्य अधिकारियों को मुहैया कराया जाता है। ब्लॉक वैपन (विदेशी हथियार) इन अपराधियों के पास कैसे पहुंचा, इसके लिए जांच की जा रही है। गिरफ्तार अपराधियों में शहर थाना क्षेत्र के लालकोठा मुस्लिमनगर तेलीपट्टी के सहजाद आलम (30), टीओपी टू के पीछे कुम्हारटोली के साहिल कुमार (23), एचपी गैस गोदाम के पास अम्बेडकर नगर के रोहित कुमार (24) और चैनपुर-शाहपुर कुरैशी मुहल्ला के फरहान कुरैशी उर्फ शैलू कुरैशी (24) शामिल है। सहजाद, रोहित और फरहान पर चैनपुर और शहर थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं। चैनपुर के करसो गोलीकांड में फरहान जेल भी जा चुका है।

टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर मणिभूषण प्रसाद, इंस्पेक्टर शहर अंचल सुरेश राम, सदर थाना प्रभारी लालजी, चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, चैनपुर के पुअनि संजय कुमार, सदर थाना के रंजीत कुमार टू, सअनि नबी अंसारी, चन्द्रशेखर दुबे, टाइगर मोबाइल, तकनीकी शाखा और जवान शामिल थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version