कुजू। सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के क्षेत्रीय कार्यालय, कुजू में गुरुवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में शामिल सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष निर्गुण महतो ने कहा कि 23 जुलाई 1955 को दत्तोपंत ठेंगड़ी ने श्रमिकों को संगठित कर राष्ट्रहित, उद्योग हित और श्रमिक हित के समन्वय के उद्देश्य से भारतीय मजदूर संघ की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि संगठन का मूल मंत्र “देश के हित में करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दाम” आज भी श्रमिक आंदोलन का मार्गदर्शन कर रहा है. कार्यक्रम का संचालन करते हुए क्षेत्रीय सचिव रतन प्रसाद साहू ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ केवल श्रमिकों की समस्याओं को उठाने वाला संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने वाला देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन है। उन्होंने कहा कि संगठन ने सदैव संघर्ष के साथ संवाद, समन्वय और सकारात्मक समाधान की कार्यशैली को अपनाया है। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने श्रमिक हित, उद्योग हित एवं राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रतन प्रसाद साहू, मंगलदेव महतो, कालेश्वर राम, अशोक चौबे, प्रेम प्रसाद, सुशील कुमार, मैनेजर चंद्रा, मोहन महतो, गोविन्द कुमार महतो, दशाराम मुर्मू, विपिन कुमार सिंह, विवेक कुमार, जयधन राम एवं ओमनाथ प्रसाद सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रमिक उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version