
रांची/दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन का आज सोमवार को निधन हो गया। शिबू सोरेन ने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में आखिरी सांस ली। उन्हें 19 जून 2025 को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुष्टि की। हेमंत सोरेन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं।
कई वर्षों से बीमार चल रहे थे शिबू सोरेन
शिबू सोरेन के निधन का खबर मिलते ही पूरे झारखंड में शोक की लहर हो गई। बता दें, शिबू सोरेन पिछले कई वर्षों से बीमार चल रहे थे। उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने पर जून के आखिरी सप्ताह में गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां बीते कुछ दिनों से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
बता दें, शिबू सोरेन किडनी की बीमारी से भी ग्रस्त थे। जून महीने में जब दिल्ली के अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था, तब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी अस्पताल में जाकर उनका हाल जाना था।
शिबू सोरेन की सियासी यात्रा
शिबू सोरेन ने 1977 में पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन वो चुनाव हार गए। बाद में 1980 में दुमका संसदीय सीट से उन्हें पहली बार सफलता मिली। फिर 1989, 1991 और 1996 में भी दुमका लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए। 2002 में वो राज्यसभा जाने में सफल रहे। इसके बाद वर्ष 2004, 2009 और 2014 में फिर से एमपी बने। 2019 के चुनाव में दुमका से चुनाव हार जाने के बाद शिबू सोरेन तीसरी बार राज्यसभा के लिए चुने गए।
