
प्लांट प्रमुख केबी सिंह ने कर्मचारियों से मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के साथ दायित्व निभाने का किया आह्वान



रामगढ़। जिंदल स्टील पतरातू में शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ओपी जिंदल स्कूल ग्राउंड में आयोजित समारोह में प्लांट प्रमुख केबी सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिवारजन तथा ओपी जिंदल स्कूल के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस अवसर पर केबी सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कर्मचारियों से मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्लांट प्रमुख ने कहा कि देश की प्रगति में उद्योगों और उनमें कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी का योगदान महत्वपूर्ण है। जिंदल स्टील पतरातू का उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि गुणवत्ता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ सतत विकास को आगे बढ़ाना है।
समारोह के दौरान जिंदल फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी गई। हॉस्पिटल ऑन व्हील्स, ओपी जिंदल स्कूल और जिंदल आशा जैसी सामाजिक पहलों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने समारोह को जीवंत बना दिया। तिरंगे की छांव में आयोजित समारोह के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।
समारोह में संतोष कुमार, सुभाष शरण, अभय सिंह, रुपेश कुमार, बिनोद सिंह, कुमार राहुल, प्रवीण कुमार, राजीव रंजन, रत्नेश कुमार, संतोष चौधरी, संबित साहू, रामेश्वर गोप, जयंत गोखले और दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अंत में जिंदल स्टील पतरातू परिवार ने राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और मजबूत करने तथा उत्पादन, गुणवत्ता, पर्यावरण एवं सुरक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने का संकल्प लिया।

