
नई दिल्ली। आगामी त्योहारी सीजन में दिल्ली-एनसीआर को दहलाने की साजिश रच रहे पांच आतंकियों को दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। इन आतंकियों को पुलिस ने अलग-अलग राज्यों से दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाला कुछ सामान भी बरामद किया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आतंकियों में से दो दिल्ली से, एक मध्य प्रदेश से, एक हैदराबाद से और एक रांची से गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ, झारखंड के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और रांची पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में इस्लामिक स्टेट के दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि बोकारो के रहने वाले मुख्य आरोपी अशर दानिश को रांची से गिरफ्तार किया गया है। वह इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक मॉड्यूल से संबंधित, दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ द्वारा दर्ज मामले में वांछित था। उनके तार पाकिस्तानी आतंकी संगठन व खुफिया एजेंसी आईएसआई से भी जुड़े होने के सुबूत मिले हैं। इस आधार पर आठ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे स्पेशल सेल, एनआईए व आइबी समेत अन्य केंद्रीय एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी टीमों द्वारा एक साथ की गई समन्वित कार्रवाई के दौरान एक अन्य संदिग्ध आफताब को दिल्ली से पकड़ा गया। अभियान से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि विभिन्न राज्यों से कम से कम 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है और संयुक्त दल उनकी भूमिका की जांच कर रहा है। सूत्र ने बताया, ‘शुरुआती जांच से पता चलता है कि दोनों इस्लामिक स्टेट से प्रेरित नेटवर्क के अन्य सदस्यों के संपर्क में थे और भारत में आतंकी संगठन के एजेंडे को आगे बढ़ाने वाली गतिविधियों में शामिल थे।’ दानिश कई महीनों से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। इससे पहले दिन में, झारखंड पुलिस के महानिरीक्षक (अभियान) और प्रवक्ता माइकल राज एस. ने बताया, ‘दिल्ली और झारखंड पुलिस का संयुक्त अभियान रांची के एक हॉस्टल समेत कई स्थानों पर चलाया जा रहा है। आतंकवादी संगठनों से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
