कंधमाल। ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जंगलों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने शीर्ष नक्सली नेता गणेश उइके समेत पांच नक्सलियों को मार गिराया है। गणेश उइके नक्सली संगठन की केंद्रीय कमेटी का सदस्य बताया जा रहा है और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गणेश उइके ओडिशा में नक्सली गतिविधियों का मुख्य संचालक था और उस पर सरकार की ओर से 1.1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में व्यापक सर्च आॅपरेशन शुरू किया। यह अभियान घने जंगलों वाले क्षेत्र में चलाया गया, जहां नक्सलियों के छिपे होने की आशंका थी।

अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही सुरक्षाबलों की टीम संदिग्ध इलाके में पहुंची, वहां मौजूद नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कुछ देर तक फायरिंग होती रही, जिसके बाद मुठभेड़ में 6 नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों में गणेश उइके के अलावा 5 अन्य शामिल हैं, जिनमें दो महिलाएं भी बताई जा रही हैं। फिलहाल बाकी नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से हथियार, गोला-बारूद और नक्सली साहित्य बरामद किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह इलाका नक्सली गतिविधियों का अहम केंद्र रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version