रामगढ़ । जिले में कल्याण विभाग से सब्सिडी दिलाने के नाम पर संगठित गिरोह ने करोड़ों रुपए की ठगी कर ली। इस गिरोह के सदस्यों ने गरीब किसानों और मजदूरों को अपना शिकार बनाया है। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत के समक्ष जब यह मामला पहुंचा तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया।

मामले में रजरप्पा थाना क्षेत्र के रहने वाले लोगों के बयान पर रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इस प्राथमिकी में कुल 07 लोगों का नाम शामिल है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर गोड़ियारी बागी निवासी कुलजीत छाबड़ा उर्फ बॉबी छाबड़ा, उनके मकान पर किराए पर रह रही आरती कुमारी उर्फ बबीता लकड़ा, सुनील राम, नेहा कुमारी, गीता कुमारी, अमन छाबड़ा और फूल कुमारी को अभियुक्त बनाया गया है। साथ ही कहा गया है कि उनके साथ कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जो झारखंड ट्राईबल डेवलपमेंट सोसाइटी (जेटीडीएस) की योजनाओं के अंतर्गत सब्सिडी दिलाने का झांसा देखकर करोड़ों रुपए की ठगी कर रहे हैं।

रजरप्पा थाना क्षेत्र के बिलहोर टोला निवासी सुधीर कुमार और उनके साथ लगभग 60 लोग एसपी से मिले। उन लोगों ने ठगी की पूरी कहानी सुनाई। एसपी को बताया कि आरती कुमारी उर्फ बबीता मूल रूप से चतरा जिले की टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राहम की रहने वाली है। उसकी सगी बहन गीता कुमारी, चचेरी बहन नेहा कुमारी, गढ़वा जिले के करकट्टा निवासी सुनील राम, उसकी पत्नी फूल कुमारी, रामगढ़ के गोड़ियारी बागी निवासी कुलजीत छाबड़ा उर्फ बॉबी छाबड़ा और उसके पुत्र अमन छाबड़ा इस पूरे गिरोह को संचालित कर रहे हैं।

यह सभी लोग जेटीडीएस की योजनाओं के अंतर्गत सब्सिडी दिलाने का झांसा देते हैं। खुद को सरकारी एजेंट और अधिकृत प्रतिनिधि बताते हैं। साथ ही डुप्लीकेट सर्टिफिकेट दिखाकर लोगों को अपने विश्वास में लेते हैं। कल्याण विभाग से सब्सिडी दिलाने के नाम पर कई लोगों से आरटीजीएस, बैंक ट्रांसफर, फोन-पे के माध्यम से अकाउंट में जनवरी 2024 से नवंबर 2025 तक करोड़ों रुपये जमा करवाए।

ठगों ने भरोसा जीतने के लिए लोगों से एग्रीमेंट भी साइन करवाया। शुरुआत में लोगों का विश्वास जीतने के लिए कुछ लोगों को 40,000 में बाइक उपलब्ध कराया। कुछ लोगों को सस्ते दर पर बीज और खाद भी उपलब्ध कराया। जब ग्रामीण इनके झांसे में आ गए तो आरती कुमारी उर्फ बबिता लकड़ा और बॉबी सरदार उर्फ कुलजीत छाबड़ा ने ग्रामीण क्षेत्र में घूम-घूम कर लोगों को बताया कि वह झारखंड ट्राईबल डेवलपमेंट सोसाइटी की योजनाओं के तहत 25 प्रतिशत ही पैसे जमा कराएंगे। शेष 75 प्रतिशत राशि सरकार सब्सिडी में देगी।

ठगों ने सभी को झांसे में लेकर कई लोग से 25 प्रतिशत में ही ट्रैक्टर, हाइड्रा, डीप बोरिंग, मोटरसाइकिल, खाद, बीज और अन्य कई कृषि उपकरण लेने के नाम पर पैसे ट्रांसफर कराने लगे। लेकिन वास्तविकता यह थी कि की किसी भी व्यक्ति को भी कृषि उपकरण नहीं मिला। लोगों की ओर से जमा की गई राशि मांगने पर उन लोगों ने टाल-मटोल शुरू किया और अंत में झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

ग्रामीणों ने एसपी को बताया कि किसानों को ही परेशान करने के लिए ठगों ने रजरप्पा थाने में झूठा आवेदन दिया है। जब जांच पड़ताल हुई तो पता चला कि यह लोग आपराधिक षड्यंत्र रचकर गरीब किसान, मजदूर को फांसते हैं और संगठित आर्थिक धोखाधड़ी करते हैं। जब थाने में ग्रामीणों ने बवाल किया तो आरती कुमारी उर्फ बबीता लकड़ा और कुलजीत छाबड़ा उर्फ बॉबी छाबड़ा नेे पैसे वापस करने की बात स्वीकार की। साथ ही एक महीने का समय भी लिया।

आरती कुमारी उर्फ बबीता लकड़ा ने चेक भरकर भी लोगों को दिया। लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी पैसा नहीं मिला। इस संगठित आर्थिक धोखाधड़ी करने का मास्टरमाइंड कुलजीत छाबड़ा उर्फ बॉबी छाबड़ा है। उसने अपने बेटे अमन छाबड़ा के अकाउंट में भी ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर कराया है।

ठगों के इस गिरोह ने रामगढ़ जिले के कुल 62 लोगों से 1.11 करोड रुपये की ठगी की है। ठगे जाने वालों में लाला करमाली, नरेश बेदिया, जगदीश बेदिया, संदीप बेदिया, सोहरिया देवी, सुरेंद्र चौधरी, काजल कुमारी, रूपेश कुमार महतो, जितेंद्र महतो, दिनेश महतो, आशीष जोन, कुंती देवी, मोती महतो सहित अन्य के नाम शामिल हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version