
रांची। वित्त, वाणिज्यकर, योजना एवं विकास व संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मंगलवार को प्रखंड अंतर्गत मेराल पंचायत के झरीनिमिया गांव में धुमकुड़िया भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच जनजाति समाज की संस्कृति को संरक्षित करना है। इस भवन में आदिवासियों की सभ्यता और संस्कृति को समेट कर रखा जायेगा।
किशोर ने कहा कि आदिवासी समुदाय के धुमकुड़िया में ही बैठकर सभी संस्कार तय किये जाते हैं। साथ ही उन पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किए जाते हैं। घुमकुड़िया की परंपरा और संस्कृति को अक्षुण्ण रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस रास्ते से हम यहां पहुंचे हैं, इस कच्चे रास्ते को पक्का सड़क में बहुत जल्द तब्दील कर दिया जायेगा।
इसके बाद किशोर ने नौडीहा पंचायत सचिवालय पहुंचकर उप स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र के अस्तित्व में आने से यहां के गांवों में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं को सुदृढ़ किया जायेगा। किशोर ने ब्लॉक कार्यालय में विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सर्वप्रथम ऊर्जा स्तंभ एवं ओपन जिम का उद्घाटन किया। साथ ही साईकल स्टैंड सह पार्किंग शेड, बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम बागवानी का शिलान्यास किया। इसी क्रम में उन्होंने लीनियर प्लांटेशन के तहत पौधरोपण भी किया।
कार्यक्रम में अबुआ आवास योजना के तहत लाभुकों को स्वीकृति पत्र, कैश क्रेडिट लिंकेज के तहत 42 समूहों के बीच एक करोड़ 26 लाख रुपये का ऋण वितरण किया गया। इसके अलावा 20 से अधिक लाभुकों को सॉइल हेल्थ कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही बच्चियों के बीच साईकल का वितरण भी किया गया।
प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने प्रखंड परिसर में किये गये कार्यों को अद्भुत, अविश्वसनीय और अकल्पनीय बताया। उन्होंने कहा कि पाटन अंचल में जमीन से जुड़ी समस्याओं को कार्ययोजना बनाकर निष्पादित किया जायेगा। सरकार की योजनाओं को आमजनों तक पहुंचाने में हमसभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। अबुआ आवास योजना में किसी प्रकार की कोई शिकायत न आये, यह संबंधित पदाधिकारी को सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने मनरेगा योजनाओं को ठीक से कार्यान्वित करने पर बल दिया।
बीडीओ ने मंत्री किशोर से ब्लॉक परिसर में ट्रांसफॉर्मर लगाने की आवश्यकता बतायी, ताकि सिलाई मशीन के जरिये स्थानीय महिलाओं को रोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया जा सके। मंत्री ने कार्यक्रम से ही आॅनस्पॉट विभाग के जीएम को फोन कर 15 दिनों के भीतर 200 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाने को लेकर निर्देशित किया।
मंत्री ने आमजनों के सुविधा के लिये दो शिकायत पेटी लगाने की बात कही। इस दौरान दो बक्शे लगाए भी गए। मंत्री ने कहा कि एक शिकायत पेटी ब्लॉक से जुड़ी शिकायतों के लिए है तो दूसरी अंचल से जुड़ी समस्याओं के लिये है। उन्होंने लोगों से इसका उपयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि समय-समय पर इन पेटियों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का समीक्षा की जाएगी।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, पाटन बीडीओ-सीओ, जिला परिषद सदस्य, प्रमुख, मुखिया, पूर्व मुखिया, बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
