
बरही। इफको हजारीबाग ने ग्राम धनवार पंचायत भवन, प्रखंड बरही, जिला हजारीबाग में तरल नैनो यूरिया और नैनो डीएपी पर आधारित एक कृषक गोष्ठी का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 55 किसान, जिनमें पुरुष और महिलाएं शामिल थे, ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान कृषि केंद्र के प्रोपराइटर अरविंद कुमार और श्वेता बीज भंडार के प्रोपराइटर टोकलाल प्रसाद ने की। साथ ही, धनवार पंचायत के मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, प्रवीण कुमार, किसान मित्र राजेंद्र प्रसाद उर्फ राजन, ताहिर हुसैन, कृष्ण प्रसाद, लोकनाथ यादव, अरविंद कुमार समेत अन्य किसान उपस्थित रहे। मुखिया राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि कृषक गोष्ठी से किसानों को काफी लाभ मिलेगा। इफको के क्षेत्रीय पदाधिकारी अमित आनंद ने किसानों को कृषि और खाद से जुड़ी नई जानकारियां दीं। उन्होंने नैनो तरल यूरिया, नैनो तरल डीएपी और जल विलय उर्वरकों के फायदे, उपयोग की विधि, मात्रा और सही समय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, पारंपरिक बोरे वाले यूरिया और डीएपी के अत्यधिक उपयोग से होने वाले मृदा और पर्यावरणीय नुकसान पर भी किसानों को जागरूक किया। किसानों को सरकार द्वारा खाद पर दी जाने वाली सब्सिडी की जानकारी भी दी गई। इसके अतिरिक्त, फसलों में सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी जैसे बौरान की कमी से आम की फसल, कैल्शियम की कमी से टमाटर, और सल्फर की कमी से सरसों में होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया। एसएफए विजय कुमार ने किसानों को सागरिका तरल और बाल्टी उर्वरकों के लाभों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में किसानों द्वारा पूछे गए सवालों का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम किसानों के बीच नवीनतम कृषि तकनीकों और उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।
केवल लोकसभा चुनाव के लिए था आईएनडीआईए, विधानसभा चुनाव में इसकी कोई भूमिका नहीं: तेजस्वी यादव
बक्सर। आईएनडीआईए केवल लोकसभा चुनाव के लिए था। राज्यों के विधानसभा चुनाव में इसकी कोई भूमिका नहीं है। ये बातें बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जिला मुख्यालय स्थित परिसदन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहीं। पत्रकारों ने जब उनसे दिल्ली के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलग-अलग चुनाव लड़ने और आईएनडीआईए के भविष्य पर सवाल पूछा, तो उन्होंने ये बातें कहीं।
उन्होंने इसके साथ यह भी जोड़ा कि बिहार में राजद और कांग्रेस शुरू से साथ रही है। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कब किसका पैर छू दें, कुछ नहीं कहा जा सकता है। वह सदन में कुछ नहीं बोलते। पत्रकार से बात नहीं करते। तेजस्वी ने फिर दोहराया कि अब उनके साथ जाने का कोई सवाल ही नहीं है। जनता दल यूनाइटेड अब भाजपा बन गया है। जदयू में दो-चार लोग हैं, जो भाजपा से लिंक करते हुए पार्टी को चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है, लेकिन राज्य को विशेष दर्जा के सवाल पर कोई प्रगति नहीं हो रही है। बिहार में किसान, मजदूर या नौजवान किसी के लिए काम नहीं हो रहा है। बिहार लगातार पीछे जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कई बार विशेष राज्य की बात है। बिहार में उनकी सरकार है। केंद्र की सरकार का भी वह हिस्सा हैं। उन्हें बताना चाहिए कि अब नहीं तो कब बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलेगा।