
कोलकाता । कोलकाता रेप मर्डर केस में मशहूर एक्ट्रेस तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती ने बीते मंगलवार को कोलकाता रेप केस को लेकर एक पोस्ट शेयर किया था। जैसे ही उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो एक्ट्रेस को रेप की धमकियां मिलनी शुरू हो गई हैं। इसके अलावा उनके फोन पर लगातार अश्लील मैसेज आने शुरू हो गए हैं। मिमी चक्रवर्ती ने इस बावत सूचना कोलकाता पुलिस को दी है। साथ ही पुलिस के साइबर सेल डिपार्टमेंट को टैग किया है।
पूर्व सांसद मिली चक्रवर्ती ने धमकी मिलने के बाद अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘और हम महिलाओं के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं? ये उनमें से ही कुछ हैं। इस भीड़ में खुद को नकाबपोश करने के बाद जहरीले पुरुषों द्वारा रेप की धमकियों को नॉर्मल बना दिया जाता है। जिनका कहना है कि वो महिलाओं के साथ खड़े हुए हैं। मुझे बताएं कि कौन सी परवरिश और शिक्षा ऐसा करने की अनुमति देती है???’ इसके साथ ही एक्ट्रेस ने धमकियों के स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।
बता दें कि मिमी चक्रवर्ती ने कोलकाता रेप केस और मर्डर मामले में हो रहे एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। उनके अलावा मधुमिता सरकार, ऋद्धि सेन और अरिंदम सिल भी इस प्रोटेस्ट का हिस्सा बने थे और डॉक्टर के रेप और हत्या मामले में अपना विरोध जताया था। जाहिर है कि 14 अगस्त को आंदोलनकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज के बाहर इकट्ठा हुए थे, जहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया था।
