
रांची । झारखंड में पुलिस निरीक्षक से डीएसपी के रैंक में प्रोन्नत राज्य के 63 अधिकारी कहने को तो डीएसपी बन चुके हैं, लेकिन आज भी पुलिस इंस्पेक्टर का ही काम कर रहे हैं। कंधे पर डीएसपी का स्टार लगा है, बने हुए हैं इंस्पेक्टर और वेतन तथा अन्य सुविधाएं भी इंस्पेक्टर वाला ही ले रहे हैं। राज्य सरकार ने उन्हें 26 जून को प्रोन्नति दी थी। करीब ढाई माह हो चुके हैं, लेकिन उनकी प्रोन्नति को लेकर विभाग में किसी भी तरह की कोई सक्रियता नहीं दिख रही।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो उनकी सूची तैयार है, ऊपर से हरी झंडी मिलते ही स्थानांतरण-पदस्थापन संबंधित प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्य में इन 63 नवप्रोन्नत डीएसपी के अलावा 39 नव नियुक्त डीएसपी भी पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इनका प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। इस प्रकार 102 डीएसपी का पदस्थापन होना है। स्थानांतरण-पदस्थापन की सूची में जो पहले से डीएसपी का पद संभाल रहे हैं, उनका भी नाम रहेगा। वैसे डीएसपी भी कहीं न कहीं स्थानांतरित होंगे। विभाग में इस बात की चर्चा है कि करीब 200 डीएसपी का स्थानांतरण-पदस्थापन होना है, जिसकी सूची पर गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग व विभागीय मंत्री की स्वीकृति ली जानी है।
