पटना/आरा। बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU की अलग-अलग टीमों ने बुधवार, 30 सितंबर 2026 की सुबह आरोपी अधिकारी अमित कुमार गुप्ता के पटना और भोजपुर (आरा) स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।

करीब 1.50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का आरोप

EOU के अनुसार, विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के सत्यापन के दौरान अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रमाण मिले। जांच में उनकी ज्ञात और वैध आय के स्रोतों की तुलना में करीब 1,49,58,500 रुपये की अतिरिक्त संपत्ति का पता चला है। यह राशि उनकी वैध आय की तुलना में लगभग 148.10 प्रतिशत अधिक बताई गई है।

पटना और आरा में दो ठिकानों पर कार्रवाई

EOU की टीमों ने आरोपी के दो प्रमुख ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। पहला ठिकाना भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चंदवा मोड़ के पास अवधपुरी मोहल्ले स्थित उनका पैतृक एवं निजी आवास है।

वहीं, दूसरा ठिकाना पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित साई वरदान सिटी के ब्लॉक-सी में फ्लैट नंबर 609 है। दोनों स्थानों पर DSP स्तर के वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा तलाशी ली जा रही है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।

तलाशी के लिए विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से विधिवत सर्च वारंट भी प्राप्त किया गया था।

दस्तावेज और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड की जांच

छापेमारी के दौरान EOU की टीम घर में मौजूद दस्तावेजों, बैंक खातों, अचल संपत्तियों से संबंधित कागजात और अन्य निवेशों की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही बरामद नकदी, आभूषण और अन्य संपत्तियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

फिलहाल पटना और आरा के दोनों परिसरों में EOU की कार्रवाई जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version