पटना। आय से अधिक संपत्ति के मामले में बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मंगलवार को किशनगंज के नगर थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार रंजन के पटना, छपरा और किशनगंज के पांच ठिकानों पर छापामारी की।

ईओयू के अनुसार, इंस्पेक्टर के पास करीब 50-60 करोड़ की अवैध संपत्ति होने की जानकारी मिली है। सिर्फ 20 करोड़ रुपये मुजफ्फरपुर के फतेहपुर कांटी में प्रोपर्टी में निवेश करने की सूचना है। इसके अलावा भी बड़ी संख्या में जमीन सिंडिकेट माफिया से जुड़कर बेनामी संपत्ति में काली कमाई निवेश की गई है। देर शाम तक छापामारी की कार्रवाई जारी थी।

दरअसल, ईओयू ने पिछले माह किशनगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गौतम कुमार के ठिकानों पर छापामारी की थी जिसमें करोड़ों की अवैध संपत्ति की जानकारी मिली थी। इसी जांच के क्रम में किशनगंज इंस्पेक्टर की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। एसडीपीओ की तरह इंस्पेक्टर की भी स्थानीय बालू, कोयला, शराब एवं इंट्री माफिया से संलिप्तता मिली है, जिनकी मदद से अवैध कमाई की जाती थी।

जांच के बाद ईओयू ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए इंस्पेक्टर के ठिकानों पर छापामारी की। प्राथमिकी में उनके विरुद्ध आय से 115 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की जानकारी दी गई जो छापामारी के बाद बढ़ने की संभावना है।

पटना में दो करोड़ का मकान, छपरा-मुजफ्फरपुर में भी अचल संपत्ति: छापामारी में इंस्पेक्टर के पास छपरा, सिलीगुड़ी (बागडोगरा), मुजफ्फरपुर के चंदवारा और पटना के रामकृष्णा नगर में भू-खंड खरीदे जाने के साक्ष्य मिले हैं। ईओयू ने रामकृष्णा नगर में 2200 वर्गफीट में बने चार मंजिला मकान की तलाशी ली जो वर्ष 2023-24 में बनाया गया। इसकी अनुमानित निर्माण लागत दो करोड़ से अधिक बताई जाती है। छपरा शहर के प्रभुनाथ नगर में 2019 में बना 1400 वर्गफीट का मकान है, जिसकी लागत लगभग 30 लाख रुपये है। इंस्पेक्टर अभिषेक के पैतृक गांव सारण के पैगा सदर में 50 लाख की लागत से दो मंजिला मकान अभी बनावाया जा रहा है।

सिलीगुड़ी में 84 लाख से खरीदी छह कट्ठा जमीन: ईओयू की जांच में जानकारी मिल है कि इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार रंजन ने जमीन के कारोबार में सिंडिकेट के माध्यम से काफी निवेश किया है। इसमें कई बेनामी संपत्ति भी है। सिलीगुड़ी के दार्जिलिंग रोड पर छह कट्ठे की जमीन मिली है, जिसकी बाउंड्री भी कराई गई है। यह भूखंड 17 लाख प्रति कट्ठा की दर से खरीदी गई जिसके लिए 84 लाख रुपये नगद राशि का भुगतान प्रमोटर को किया गया। सिलीगुड़ी के सेवक रोड में फ्लैट भी मिला है। मुजफ्फरपुर के अहियापुर के थाना अंतर्गत चंदवारा में तीन कट्ठा जमीन मिली है, जो वर्ष 2015 में खरीदी गई थी। इंस्पेक्ट के द्वारा छह-सात ट्रक खरीदे जाने की भी सूचना मिली है।

शेयर में 20 लाख, परिवार के साथ द ताज में ठहरे: इंस्पेक्टर अभिषेक रंजन और उनकी पत्नी अंकिता के बैंक खातों में लगभग साढ़े आठ लाख रुपये नकद जमा मिला है। तलाशी के दौरान जीवन बीमा निगम के कागजात मिले जिसमें एक लाख रुपये वार्षिक निवेश किया जाता था। शेयर और म्युचुअल फंड में 20 लाख रुपये मिले हैं। इंस्पेक्टर ने हाल ही में अपने बड़े बेटे का एडमिशन डीपीएस, सिलीगुड़ी में कराया है, जिसके लिए ढाई लाख रुपये एडमिशन फीस जमा की गई है। इंस्पेक्टर जनवरी माह में बागडोगरा से अपने परिवार के साथ मुंबई की हवाई यात्रा की थी। मुंबई में वह पांच सितारा द ताज होटली में ठहरे थे। तलाशी में इंस्पेक्टर के महंगे मोबाइल फोन और विलासितापूर्ण जीवनशैली के कई सबूत मिले हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version