
गोपालगंज । अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। जिसमें कुख्यात अपराधी अजय नट के पैर में गोली लगी है। उसे पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया, इसके बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। बिहार पुलिस ने ये एनकाउंटर मीरगंज के जिगना रेलवे ढाला के नजदीक किया।
गोपालगंज एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में घायल अपराधी का नाम अजय नट है। जिसके ऊपर बिहार पुलिस के द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम घोषित है। एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि अजय नट, पिता रघुनाथ नट, छपरा जिले के दाउदपुर थानाक्षेत्र का रहने वाला है। इसके ऊपर गोपालगंज के अलावा सियान, छपरा और बिहार और यूपी के अन्य जिलों में भी लूटपाट, छिनतई जैसे अपराध के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
एसपी ने बताया कि गोपालगंज पुलिस काफी समय से इसकी गिरफ्तारी के लिए लगी हुई थी। इस अपराधी की गिरफ्तारी यूपी के गोरखपुर से हुई है। एसपी ने दावा किया है कि हाल के दिनों में थावे, सिधवलिया, मीरगंज, बैकुंठपुर और नगर थानाक्षेत्र में जो भी लूट और छिनतई की वारदात हुई है। उसमें इसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसके साथ ही लूटी गई सामान भी पुलिस ने बरामद किया है।
अपने नाम से ही बना रखा है गैंग
एसपी ने बताया कि अजय नट अपने नाम से लूटपाट का गिरोह संचालन करता है। जिसके गिरोह में कई अन्य अपराधी भी शामिल है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद इसके निशानदेही पर मीरगंज के जिगना ढाला के पास इसके गिरोह के अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और हथियार के बरामदगी के लिए ले जाया गया। इसी दौरान यह अपराधी मौके का फायदा उठाकर भागने की कोशिश करने लगा।
