पटना । बिहार में पुलिस और अपराधियों के मुठभेड़ की घटनाएं जारी हैं। इस बीच, पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में बुधवार को तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में एक वांछित अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। इसके अलावा, एक अन्य अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मसौढ़ी थाना पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दो अपराधकर्मी, जिन पर 20 से अधिक डकैती, लूट एवं आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर कांड दर्ज हैं और जो कई राज्यों में वांछित हैं, वे मसौढ़ी थानांतर्गत सोना-चांदी की दुकान में लूट की योजना बना रहे हैं। इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना परिचय कुमार की निगरानी में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा तत्काल अपराधियों की स्थिति की जानकारी प्राप्त होने पर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। वांछित अपराधी की पुलिस टीम घेराबंदी कर रही थी, इसी दौरान अपराधियों द्वारा पुलिस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई, जिसमें एक गोली पुलिस वाहन पर लगी।

नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पूर्ण संयम, सतर्कता एवं साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें एक गोली एक अपराधी के पैर में लगी। घायल अपराधी की पहचान अजय पासवान के रूप में की गई है। एक अन्य वांछित अपराधी अजय यादव को भी घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि घायल अपराधी को सुरक्षित पुलिस अभिरक्षा में लेकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस एवं दो खोखा बरामद किया गया है।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 13 मई को गोपालपुर थानांतर्गत सीएमएस कंपनी की कैश वैन से हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। उक्त कांड का महज 36 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए कई अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें गिरफ्तार दोनों अपराधी भी संलिप्त पाए गए हैं। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version