
रांची। झारखंड में चल रहे मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के दौरान आज चुनाव आयोग नये मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशित करेगा। इस नये वोटर लिस्ट को आप जरूर देख लें कहीं नाम कटने वालों में आपका नाम शामिल नहीं है. यदि आपका नाम ड्राफ्ट रोल में नहीं है तो घबराने की जरूरत नहीं है चुनाव आयोग के द्वारा निर्धारित प्रक्रिया में सहभागी बनना है।



मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम द्वारा बनने वाले मतदाता सूची को परमानेंट डॉक्यूमेंट के रूप में संरक्षित किया जाता है। जिस प्रकार विगत के एसआईआर वाले मतदाता सूची को सुपीरियर डॉक्यूमेंट के रूप में माना गया है, उसी प्रकार भविष्य में भी वर्तमान के एसआईआर से संबंधित डॉक्यूमेंट की महत्व रहेगी। उन्होंने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे वर्तमान एसआईआर में अवश्य भाग लें एवं अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य शामिल कराएं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 5 अगस्त को राज्य की प्रारूप मतदाता सूची तथा एएसडीडी सूची का प्रकाशन किया जाएगा। यह सूची सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आम नागरिकों को देखने के लिए उपलब्ध रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम, विवरण अथवा अन्य प्रविष्टियों का प्रत्येक मतदाता स्वयं अवलोकन कर सकते है. यदि राज्य के किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, तो वह 5 अगस्त से जल्द से जल्द फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते है।
उन्होंने कहा कि पात्र भारतीय नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ECINET एप्लिकेशन को अवश्य डाउनलोड करें इसके माध्यम से फॉर्म 6 सहित भरने, मतदाता सूची में सूचीबद्ध होने एवं अन्य जानकारियों को सहजता से जाना जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जाँचें तथा अपने परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों, मित्रों, सहकर्मियों एवं अन्य पात्र भारतीय नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार कराने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखण्ड द्वारा 5 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक #NewVoters अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक पात्र युवाओं एवं नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

