
रांची। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) में अवैध खनन से कोयला घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी ने शुक्रवार को कोयला मफिया अनूप माजी उर्फ लाला व उसके सहयोगियों से जुड़े 100.44 करोड़ रुपये की संपत्ति को अस्थाई रूप से जब्त की है।
ईडी ने एक्स पोस्ट के माध्यम से अधीकृत बयान जारी कर इसकी जानकारी साझा की है। ईडी की ओर से बताया गया है कि कोयला घोटाला के इस केस में अब तक ईडी आरोपितों से जुड़े 322.71 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
इससे पहले ईडी ने आठ जनवरी को आरोपितों से जुड़े कोलकाता व दिल्ली में दस परिसरों में छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान जब्त किए गए सबूत अपराध की आय से अर्जित संपत्ति की जानकारी देने में सहायक साबित हुए।
ईसीएल के लीजहोल्ड क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गैर कानूनी तरीके से कोयला खनन व चोरी से जुड़े मामले की जांच कर रही है। ये गतिविधियां अनूप माजी उर्फ लाला के नेतृत्व वाले सिंडिकेट ने की थी।
ईडी ने जांच में पाया कि इस सिंडिकेट ने अवैध खनन कर बड़े पैमाने पर कोयले की चोरी की। उक्त कोयले को स्थानीय प्रशासन की मदद से पश्चिम बंगाल की अलग-अलग फैक्ट्रियों में खपाया।
अनूप माजी उर्फ लाला ने अवैध परिवहन चालान व पैड प्रस्तुत किया था, जिसे आमतौर पर लाला पैड के नाम से जाना जाता है। यह अवैध परिवहन चालान उन फर्मो के नाम पर जारी टैक्स इनवाइस की तरह काम करता था जो है ही नहीं।
अस्थाई रूप से जब्त की गई संपत्ति में बेनिफिशियरी कंपनियों जैसे शाकंभरी इस्पात एंड पावर लिमिटेड व गगन फेरोटेक लिमिटेड के नाम पर अचल संपत्ति, फिक्सड डिपोजिट व म्यूचुअल फंड निवेश शामिल हैं।

