रांची। जमीन घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी अब जमीन कारोबारी कमलेश कुमार से अगले पांच दिनों तक रिमांड पर पूछताछ करेगी। ईडी ने पीएमएलए कोर्ट से दस दिनों तक रिमांड पर पूछताछ की अनुमति मांगी थी। कमलेश की ईडी रिमांड मंगलवार से शुरू होगी।

सूचना के अनुसार कांके के अंचलाधिकारी जय कुमार राम को भी ईडी समन कर बुलाएगी। ईडी उन्हें कमलेश के सामने बैठाकर पूछताछ करना चाहती है। दोनों आरोपितों पर 21 जून को म्यूटेशन के 20 मामलों से संबंधित आॅनलाइन दस्तावेजों में छेड़छाड़ का आरोप है। इनमें से से 17 मामलों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया था। पूरा मामला करीब 140 एकड़ जमीन से संबंधित है। इसी 21 जून को कमलेश के ठिकाने से ईडी ने एक करोड़, दो लाख 18 हजार रुपये नकदी के अलावा 100 कारतूस बरामद किया था।

कारतूस बरामदगी मामले में कांके थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई थी। ईडी की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि कमलेश ने कांके अंचल क्षेत्र में करीब 300 एकड़ जमीन के कागजात में हेराफेरी की है।

सीएनटी एक्ट व गैरमजरूआ जमीन के दस्तावेज में छेड़छाड़ कर उसे जेनरल बनाया और उसका सौदा कर दिया है। कुछ बड़े भूखंडों पर अपने व अपने गुर्गों की बदौलत तथा अंचल के पदाधिकारियों-कर्मियों की मिलीभगत से कब्जा किया और चारदीवारी भी करवा दी।

जुमार नदी व बीएयू की जमीन का समतलीकरण कर वहां रिवर व्यू गार्डेन नाम से अपार्टमेंट खड़ी करने की तैयारी कर रखी थी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version