
रांची। राजधानी में बुधवार को एक बार फिर इडी ने कई ठिकानों पर छापेमारी की। इडी की टीम ने रांची के सदर थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी (रोड नंबर-1) में रह रहे निजी बैंक के अधिकारी सौरभ कुमार, पिस्कामोड़ तेल मिल गली स्थित सदर अस्पताल के डेंटिस्ट रवि कुमार के आवास तथा ठेकेदार प्रशांत सिंह के आवास पर छापेमारी की। ये छापामारी आइएएस मनीष रंजन से जुड़े मामले में की गयी। रांची में डॉक्टर, बैंककर्मी के घर छापामारी में कई दस्तावेज बरामद किये गये। इडी की टीम किसी ठाकुर नामक एक व्यक्ति से जुड़े कागजातों को भी खंगाला।
सूचना के मुताबिक, इडी को कुछ कॉल डिटेल्स भी हाथ लगे हैं। छापेमारी दोपहर करीब तीन बजे इडी की टीम अयोध्यापुरी और तेल मिल गली पहुंची। अयोध्यापुरी में बैंक अधिकारी सौरभ कुमार और तेल मिल गली में डेंटिस्ट रवि कुमार रहते हैं। दोनों की मनीष रंजन से काफी घनिष्ठता है। बताया जा रहा है कि निजी बैंक के अधिकारी सौरभ कुमार और डॉक्टर रवि के मकान में इडी की टीम ने आइएएस मनीष रंजन से जुड़े मामले में कागजात की तलाशी ली। इडी की टीम चार से पांच घंटे तलाशी लेने के बाद वापस लौट गयी।
इडी छापेमारी का कनेक्शन मनीष रंजन से जुड़ा है। वे फिलहाल इडी का सामना कर रहे हैं। 28 मई को इडी के अफसरों ने उनसे पूछताछ की थी। इसमें उन्होंने खुद को ईमानदार अफसर बताया। इडी अधिकारी आइएस से लगातार पूछताछ कर रहे हैं। उन्हें अब तीन जून को तलब किया गया है।
झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम विभागीय टेंडर में कमीशनखोरी व मनी लाउंड्रिंग मामले में इडी की गिरफ्त में हैं। रिमांड पर लेकर इडी के अधिकारी उनसे लगातार पूछताछ कर रहे हैं। इससे पहले इनके पीएस संजीव कुमार लाल व सहायक जहांगीर आलम को इडी ने दबोचा था। इनके यहां से इडी को 33.20 करोड़ की राशि बरामद हुई थी।
