रामगढ़। रामगढ़ जिले में पिछले 48 घंटे से लगातार बारिश से दामोदर और भैरवी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। भैरवी में बाढ़ आने से रजरप्पा मां छिन्नमस्तिका के मंदिर में भी पानी घुस गया है। वहां श्रद्धालुओं के लिए मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया है। दूसरे द्वार से श्रद्धालुओं को प्रवेश कराया जा रहा है। भैरवी नदी का पानी बली स्थल तक पहुंच गया है। साथ ही अन्य रास्तों में भी पानी घुस गया है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। रजरप्पा मंदिर के मुख्य द्वार के पास सैकड़ो दुकानों में पानी घुस जाने की वजह से भारी नुकसान हुआ है।

रामगढ़ जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति के लोगों ने श्रद्धालुओं को अलर्ट रहने की हिदायत दी है। साथ ही नदी में स्नान करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। मंदिर कमेटी के सदस्यों का कहना है कि अभी बाढ़ आई हुई है जिसकी वजह से जान माल की क्षति होने की संभावना है। अगस्त श्रद्धालु अभी नदी में नहाने के लिए घुसते हैं तो उन्हें खतरा हो सकता है। रामगढ़ में भी जिला प्रशासन ने दामोदर नदी के किनारे रहने वाले लोगों को हाई अलर्ट किया है यहां तक कि पशुपालकों को भी नदी के किनारे नहीं जाने की हिदायत दी है।

जिले में दामोदर नदी उफान पर है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में बाढ़ का पानी घुस गया है। रामगढ़ शहर के गोलपार, पुरनी मंडप में बसे आजाद बस्ती के लगभग सारे घर जलमग्न हो गए हैं। लोगों को भारी नुकसान हुआ है। अनाज और जरूरत की चीजें पानी की वजह से नष्ट हो गई हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि लोगों की मदद कर रहे हैं। हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। लोगों के घरों तक जाने के लिए रास्ते नहीं बचे हैं। अपने घरों को छोड़कर लोग सड़कों पर रहने को विवश हैं। इन लोगों को सामाजिक कार्यकर्ताओं के द्वारा भोजन और पानी मुहैया कराया जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version