रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को रांची से कोलकाता के लिए उड़ान भरने वाले इंडिगो के विमान (6ई 6893) में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब यात्री प्रणय टोप्पो ने काकपिट की ओर जाने की कोशिश की। हालांकि क्रू-मेंबर ने तत्काल उस यात्री को रोक लिया और विमान से उतार दिया। इस घटना के कारण रांची-कोलकाता विमान के उड़ान में 29 मिनट की देरी हुई।

इंडिगो की विमान दोपहर 12:25 बजे रांची से कोलकाता के लिए उड़ान भरने वाली थी। संबंधित यात्री नशे में धुत था। वह कोलकाता जाने के लिए इंडिगो के विमान में सवार हुआ था।

जानकारी के अनुसार, यात्री प्रणय टोप्पो एयरपोर्ट के अंदर चेक-इन व बोर्डिंग कर जब विमान में चढ़ा तो अपनी सीट की बजाय बाईं ओर घूमकर पायलट के केबिन में चला गया और पायलट से कहा-विमान दो उड़ाएंगे”। जब पायलट ने उन्हें देखा तो पैसेंजर सीट की ओर जाने को कहा। इसके बाद नशे में धुत यात्री पायलट केबिन से निकलकर जाने लगा तो पायलट को उसकी हालत देख संदेह हुआ। फिर पायलट ने क्रू-मेंबर को बुलाकर उस यात्री से संबंधित जानकारी मांगी।

पता चला कि वह यात्री नशे की हालत में है। फिर पायलट ने क्रू-मेंबर को निर्देश दिया कि उसे विमान से उतार दें। नशे में धुत यात्री की इस हरकत से थोड़ी देर के लिए विमान के अंदर बैठे यात्रियों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया।

हालांकि इंडिगो एयरलाइंस के प्रबंधन ने नशे में धुत यात्री की ओर से किए गए हंगामे की घटना से इन्कार किया है। इंडिगो एयरलाइंस प्रबंधन की ओर से बताया गया कि संबंधित यात्री गलती से सीट की बजाय काकपिट की दिशा में चला गया था।

साथ ही यह भी बताया गया कि वह नशे में था। क्रू-मेंबर की सतर्कता से स्थिति को संभाल लिया गया। इस घटना के बाद यात्री को विमान से उतार दिया गया।

आवश्यक औपचारिकताओं के बाद लगभग 12:54 बजे विमान ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी। एयरपोर्ट निदेशक आरआर मौर्या ने कहा कि मुझे इस घटना की जानकारी नहीं है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version