रांची। भारी बारिश होने के बावजूद कांके और धुर्वा डैम का जलस्तर खतरे की निशान से बाहर है। रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को धुर्वा और कांके डैम के निरीक्षण के क्रम में यह बातें सामने आई। इस दौरान धुर्वा डैम का निरीक्षण अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक ने किया। जबकि अनुमंडल पदाधिकारी, सदर उत्कर्ष कुमार ने कांके डैम का जायजा लिया।

जिला प्रशासन ने पत्र जारी कर बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि धुर्वा डैम का जलस्तर खतरे के निशान से 10.5 फीट नीचे है। डैम के सभी पांचों फाटक बंद हैं और हाल ही में उनकी मरम्मत भी की गई है। वहीं कांके डैम का जलस्तर 2 फीट नीचे है और सुरक्षा के तहत एक फाटक खोला गया है।

प्रशासन की ओर से यह भी बताया कि आपात स्थिति में डैम के गेट खोलने से पहले हूटर बजाया जाएगा। और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क किया जाएगा। दोनों डैम पूरी तरह सुरक्षित हैं और कोई खतरे की स्थिति नहीं है। निरीक्षणों के दौरान लोकल इंस्पेक्टर और जूनियर इंजीनियर भी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version