लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में ढाबों और रेस्टोरेंट्स की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। राज्य सरकार ने आदेश दिया है कि प्रदेशभर में सभी ढाबों, रेस्टोरेंट्स और खाने-पीने के प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। साथ ही वहां काम करने वाले कर्मचारियों का भी पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया जाएगा।

वाराणसी, लखनऊ, मथुरा और अयोध्या में प्रसाद को लेकर बढ़ते विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को खाद्य विभाग की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में सीएम ने खान-पान की चीजों में मानव अपशिष्ट व मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने प्रदेश के सभी होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट की गहन जांच और वेरिफिकेशन के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम जन की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए नियमों में आवश्यक संशोधन के भी निर्देश दिए।

योगी सरकार ने कहा है कि हाल के दिनों में देश के तमाम क्षेत्रों में जूस, दाल और रोटी जैसी खान-पान की वस्तुओं में मिलावट की घटनाएं देखने को मिली हैं. ऐसी घटनाएं वीभत्स हैं और आम आदमी के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली हैं। इस तरह के कार्यों को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता है. उत्तर प्रदेश में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस प्रबंध किए जाने आवश्यक हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version