मथुरा। लुधियाना पंजाब से वृंदावन आए 32 श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पंटून पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई। इस हादसे में दस श्रद्धालुओं की मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से 12 लोगों को बचा लिया गया है। इनमें से एक श्रद्धालु को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य लाेगाें की खाेज में बचाव कार्य में सेना के जवान और गोताखोर जुटे हैं। नदी से निकाले गए 10 शवाें की शिनाख्त हाे गई है। इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। माैके पर बचाव कार्य जारी है।

बताया गया कि 150 लोगों का दल लुधियाना, पंजाब और मुक्तेश्वर से वृंदावन आया था। शुक्रवार लगभग तीन बजे 32 लोग नाव में बैठकर यमुना नदी में सैर कर रहे थे। तभी केसी घाट पर इन्हीं श्रद्धालुओं की एक नाव पंटून पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया। पुलिस और गोताखोरों ने नदी में डूबे लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान शुरू किया। नाव पलटने की सूचना पर दुर्घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई है, जिससे बचाव कार्य में थोड़ी बाधा आई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे की खबर पर केबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, विधायक राजेश चौधरी सहित मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेन्द्र कुमार, डीएम सीपी सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार ने मौके पर जायजा लिया और गंभीर लोगों को अस्पताल पहुंचाया एवं अधीनस्थों से पूरी जानकारी हासिल की।

मथुरा डीआईजी शैलेश कुमार पांडे ने वृंदावन नाव हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पंटून पुल से टकराने के कारण नाव के पलटने की सूचना है। इस मामले में नाव में सवार लोगों की सही संख्या की जानकारी ली जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।

जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत कार्य जारी है। 10 लोगों की दुखद मौत हो चुकी है। सेना के स्ट्राइक वन फोर्स के गोताखोर व एसडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटी है। अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया है। सभी घायलों का मुफ्त में इलाज चल रहा है। एसडीएम ऋतु सिरोही ने हादसे की वजह नाव पर ओवरलोड बताते हुए कहा कि नाव पर जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे। अब तक 10 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version