रामगढ़। जिले में उत्पादित आम की डिमांड अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में खूब बढ़ रही है। दुबई के बाद अब यूनाइटेड किंगडम (यूके) के बाजार में भी रामगढ़ के खेतों में फले आम नजर आएंगे। गुरुवार को डीसी ऋतुराज ने लगभग 02 टन आम की खेप को हरी झंडी दिखाकर यूके के लिए रवाना किया। यह आम जिले के पतरातू, दुलमी और मांडू प्रखंड के किसानों की ओर से उत्पादित किया गया है। खेप को सबसे पहले कोलकाता भेजा जाएगा। आवश्यक गुणवत्ता परीक्षण, प्रसंस्करण और निर्यात संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद इसे यूके के बाजारों के लिए प्रेषित किया जाएगा।इस अवसर पर डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। जिले के किसानों की ओर से उत्पादित आम की अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच न केवल किसानों की मेहनत का सम्मान है, बल्कि यह रामगढ़ की कृषि क्षमता और गुणवत्ता का भी परिचायक है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले के अन्य कृषि एवं बागवानी उत्पादों को भी वैश्विक बाजारों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।डीसी ने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और विपणन की सुविधाओं से जोड़ने के परिणामस्वरूप रामगढ़ के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।इस अवसर पर उपस्थित किसानों ने जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग को पूरा करने का संकल्प व्यक्त किया।कार्यक्रम में डीडीसी आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, परियोजना पदाधिकारी अनुज राणा, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी मनरेगा विजय कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version