नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में पश्चिम बंगाल सहित विधानसभा चुनावों के पार्टी पक्ष में आ रहे रुझानों के दौरान आज झालमुड़ी और रसगुल्ला के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का जश्न मनाया। मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ इस जीत का उत्सव मनाया, सभी ने एक-दूसरे को झालमुड़ी और रसगुल्ल खिलाकर खुशी साझा की। इस दौरान दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे देश की जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी नीतियों की स्पष्ट स्वीकृति कहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को इस ऐतिहासिक जीत के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि देश के बदलते मनोभाव का प्रतीक है। अब देश की जनता झूठे नारों, भ्रम फैलाने वाली राजनीति और तथाकथित धर्मनिरपेक्षता के खोखले दावों से ऊपर उठकर ठोस विकास, पारदर्शिता और परिणाम आधारित शासन को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने ह्यसबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वासह्ण के मंत्र को व्यवहार में उतारा है, जिसका असर आज हर राज्य और हर वर्ग में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने आमजन के जीवन में वास्तविक परिवर्तन आया है। गरीब, किसान, महिला और युवा, सभी वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में जो कार्य हुए हैं, उन्होंने देश की विकास यात्रा को नई गति दी है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बढ़ती साख और मजबूत नेतृत्व ने देश की छवि को और सुदृढ़ किया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की नीति केवल चुनावी जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि हर राज्य में संतुलित और समान विकास सुनिश्चित करना उसका लक्ष्य है। पूर्वोत्तर से लेकर पूर्वी भारत तक बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और रोजगार के अवसरों में जो अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, वही इन चुनाव परिणामों में परिलक्षित हो रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version