
रांची।कोतवाली थाना क्षेत्र के चडरी तालाब से शुक्रवार की सुबह सरला बिरला स्कूल के छात्र का शव बरामद हुआ है . छात्र की उम्र करीब 20 वर्ष बतायी जाती है. छात्र की पहचान रांची के इरगु टोली के रहने वाले रौनक के रूप में हुई है. रौनक गुरुवार की शाम से मिसिंग था
स्कूल ड्रेस से हुई छात्र की पहचान
शुक्रवार की सुबह कुछ स्थानीय लोगों को रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित चडरी तालाब में शव दिखाई दिया. स्थानीय लोगों ने अपने ही प्रयास से शव को तालाब से बाहर निकाला, जिसके बाद यह जानकारी मिली कि जिस छात्र का शव बरामद किया गया है वह रांची के नामी स्कूल सरला बिरला का छात्र है. छात्र की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है.
गुरुवार को थाने में आवेदन देने गए थे परिजन
पूरे मामले को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी रणजीत सिंह और लोअर बाजार थाना प्रभारी दयानंद ने बताया कि रौनक के पिता गुरुवार की शाम उसकी तस्वीर लेकर थाने में आए थे, लेकिन उन्होंने कोई लिखित आवेदन नहीं दिया. सिर्फ रौनक की तस्वीर देकर थाने से लौट गए. जो जानकारी हासिल हुई है उसके अनुसार छात्र रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
छात्र की मौत नशे की हालत में पानी में डूबने से हुई है या फिर हत्या कर उसके शव को पानी में फेंका गया है, पुलिस इसकी जांच कर रही है. मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा.
