
गुमला। चंदाली में नये समाहरणालय भवन का उद्घाटन उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने किया। इस अत्याधुनिक भवन में एक साथ 40 से अधिक विभागों का संचालन होगा। जिससे क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्राप्त होगा।
समाहरणालय भवन में उपायुक्त कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, उप विकास आयुक्त कार्यालय, अपर समाहर्ता कार्यालय, भू अर्जन विभाग, समाज कल्याण विभाग, निर्वाचन विभाग, ईवीएम वेयर हाउस, योजना विभाग कार्यालय, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला परिवहन कार्यालय सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय हैं। भवन में आम नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां वेटिंग हॉल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिससे नागरिकों को सरकारी कार्यों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। समाहरणालय भवन में विधिवत कार्यालय का शुभारंभ हुआ है। हालांकि, दुर्गा पूजा के बाद से यहां नियमित कार्य संचालन प्रारंभ होगा।
इसके अतिरिक्त, जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन भी इसी नए भवन में किया जाएगा। जिससे नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जा सके। आम नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि उपायुक्त कार्यालय से संबंधित किसी भी कार्य के लिए या उपायुक्त से मुलाकात हेतु अब चंदाली स्थित नए समाहरणालय भवन में ही संपर्क करें।
