
जमशेदपुर। शहर में वन विभाग ने शनिवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए साकची क्षेत्र के होटल विराट में चल रहे कोरल तस्करी के अवैध धंधे का खुलासा किया। डीएफओ सबा आलम अंसारी की गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में टीम ने मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपित पश्चिमी सिंहभूम का रहने वाला है, जबकि बाकी तीन तस्कर रांची के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने होटल विराट पर अचानक दबिश दी और कमरे की तलाशी के दौरान समुद्री जीव कोरल बरामद किया। इस दौरान हरी चरण गोप और प्रमोद कैबर्ता सहित चारों तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा गया। अन्य दो तस्करों की पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है।
गिरफ्तार सभी आरोपितों को वन विभाग के कार्यालय ले जाया गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच यह संकेत दे रही है कि कोरल की अवैध खरीद- फरोख्त के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के इस कारोबार की कड़ियां कहां जुड़ती हैं और कोरल की आपूर्ति कहां की जा रही थी। इस दिशा में जांच तेज कर दी गई है।
