
रामगढ़। रांची-पटना एनएच 33 पर रामगढ़ के चुट्टूपालू घाटी में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में रामगढ़ डीएसपी हेडक्वार्टर अकरम रज़ा की मौसी की मौत हो गई। जबकि परिवार के पांच अन्य लोग घायल हो गए। रांची से रामगढ़ की और आ रहे ब्रेकफेल कंटेनर संख्या एनएल 01 एबी 8418 ने घाटी में आगे आगे जा रही होंडा कंपनी की कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कार में सवार 6 लोगों में से एक महिला की मौत हो गई। जबकि, 5 लोग घायल हो गए। जिनका सदर अस्पताल और होप हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार किया गया। सभी लोग रांची से रामगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान घाटी में एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।



हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, रामगढ़ थाना के सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार, मंजेश कुमार, पंकज कुमार एवं रोशन बाड़ा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे की सूचना मिलने पर एसपी मुकेश कुमार लुनायत, एसडीपीओ आलोक रंजन, गोपनीय शाखा प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
डीएसपी अकरम रजा की मौसी सारा तबस्सुम (45) की मौत हो गई है। जबकि घायलों में डीएसपी के मौसा फिरोज राही (48 ), बहन तरजा सालिया (23), सिफ़्ता ताजनीन, अमीरा ताजनीन( 10 ), अनुजा तबस्सुम शामिल हैं।

