
सहरसा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार का युवा, बिहार में काम करे और राज्य का नाम करे, ये बीजेपी-एनडीए संकल्प है। ये काम एनडीए को दिया आपका एक वोट करने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को सहरसा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
पीएम मोदी ने कहा- दरअसल कांग्रेस नहीं चाहती थी कि आरजेडी का कोई नेता मुख्यमंत्री बने। इसे लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से कई महीनों से ऐसा माहौल बनाया जा रहा था, लेकिन राजद ने नामांकन की अंतिम तारीख खत्म होने के पहले कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रख कर मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान कर लिया। इससे कांग्रेस के नेताओं में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस की लुटिया पहले से ही डूब चुकी है। अब कांग्रेस के नेताओं ने आरजेडी को भी डुबोने का फैसला ले लिया है। पार्टी के नेताओं ने राजद की लुटिया डूबने की सुपारी ले ली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस को विकास की भाषा समझ ही नहीं आती। इनकी डिक्शनरी में कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, कुशासन और करप्शन जैसे ही शब्द भरे पड़े हैं। जंगलराज की पाठशाला में इन्होंने बस यही सीखा है।
आरडेडी-कांग्रेस की पहचान विनाश से : पीएम मोदी ने कहा- आरडेडी और कांग्रेस की बदले की राजनीति के कारण सालों तक बिहार के लोगों को भुगतना पड़ा। एक समय था, जब कोसी-मिथिलांचल के बहुत बड़े हिस्से के लोगों को 300 किमी का सफर करके इस पार से उस पार जाना पड़ता था। आज ये सफर 30 किमी से भी कम रह गया गया है।आरडेडी हो या कांग्रेस, इनका विकास से दूर-दूर तक का कोई नाता नहीं है। एनडीए की पहचान विकास से है और आरडेडी-कांग्रेस की पहचान विनाश से है।
जीविका दीदी अभियान की आज देशभार में चर्चा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार के जीविका दीदी अभियान की आज देश में चर्चा हो रही है। नारी सशक्तीकरण के हमारे अभियान को बिहार में मुख्यमंत्री रोजगार योजना से भी बहुत बल मिला है। इस योजना को लेकर बिहार की हमारी बहनों में बहुत उत्साह दिख रहा है। बिहार की करीब 1.40 करोड़ बहनों के खाते में 10-10 रुपए हजार पहुंच चुके हैं। एनडीए ने घोषणा की है कि फिर सरकार बनने के बाद इस योजना का और विस्तार किया जाएगा। लेकिन, मैं बिहार की हर बहन बेटी से भी कहूंगा कि सतर्क रहिए, ये जंगलराज वाले आपको दी जा रही ऐसी हर मदद को रोकना चाहते हैं।
