रांची : कांग्रेस ने देश के साथ अन्याय किया है। उसने झारखंड के साथ पूरे देश के साथ अन्याय किया है। सोमवार को ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहीं। वे प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस के समय गांव तक सुविधाएं नहीं पहुंची थीं। गांव में सड़कें नहीं थीं, बिजली नहीं थी और चिकित्सा व्यवस्था का हाल बुरा था। कांग्रेस ने कभी गांव की चिंता नहीं की।

कांग्रेसी गांव की बात करते जरूर थे पर उन्होंने गांव के लिए कोई काम नहीं किया। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में शहरों में भी गैस सिलिंडर नहीं मिलता था। पर आज हर गरीब के घर गैस चूल्हा है।

भाजपा के शासनकाल में बैंकों को गरीबों की चौखट तक पहुंचाया, लोगों का खाता खुलवाया। ग्रामीणों को सारी सुविधाएं उनके खाते में दी जा रही है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि दुनिया निर्बल को नहीं पूछती। देश आज आर्थिक रुप से आगे बढ़ता जा रहा है। भारत आज विश्व की पांचवीं आर्थिक महाशक्ति बन गया है।

मोबाइल बनाने में भारत आज विश्व में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है । पहले हमें दूसरे देशों से मोबाइल मंगवाने पड़ते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का है और इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है । प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version