
रांची। जनप्रतिनिधियों की उदासीनता व प्रशासनिक अनदेखी के बीच बीआईटी मोड़ स्थित निर्मल महतो चौक के समीप जर्जर सड़क की स्थानीय लोगों चंदा जुटाकर मरम्मत करावा दी। वर्षों से गड्ढों व जलजमाव की समस्या से जूझ रहे लोगों ने आखिरकार खुद ही पहल कर पीसीसी ढलाई कर सड़क को दुरुस्त कराया।
बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति बदतर हो जाती है। खासकर स्कूल जाने वाली छात्राओं को कीचड़ व जलजमाव के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क पर बने गड्ढों में वाहनों के गुजरने से उछलने वाले कीचड़ से बच्चों के कपड़े और जूते गंदे हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है दो वर्षों से समस्या बनी हुई थी, लेकिन जनप्रतिनिधियों व संबंधित विभाग ने कोई पहल नहीं की।
जनप्रतिनिधियों पर जताई नाराजगी : ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक व सांसद के विकास संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई। कहा इस मार्ग से दर्जनों गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। कई शैक्षणिक संस्थान होने के कारण छात्र-छात्राएं, व्यावसायिक वाहन व आसपास की कॉलोनियों के निवासी इसी सड़क पर निर्भर हैं।
लोगों की परेशानी व जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से परेशान होकर ग्रामीणों ने स्वयं आगे आने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने कहा, कब तक नेताओं के आष्वासनों इंतजार करते रहते। जब व्यवस्था ने मुंह मोड़ लिया, तो अपनी सुरक्षा और सुविधा की जिम्मेदारी खुद उठानी पड़ी।
इस जनहित कार्य में शामिल जिप सदस्य संजय कुमार महतो व वरिष्ठ समाजसेवी मनरखन महतो, चंदन महतो, विनोद महतो, संजय महतो, विवेक महतो, अजय कुमार सिंह, राजेश मिश्रा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कई समस्याएं केवल सरकारी व्यवस्था के भरोसे छोड़ देने से जटिल हो जाती हैं, समाज सामूहिक प्रयास से भी समाधान निकाल सकता है।
