लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मालेगांव मामले में जैसे ही सत्य सामने आया, कांग्रेस की साजिशें बेनकाब हो गईं। जिन्होंने भगवा को आतंक का प्रतीक बताकर देश की आस्था को कलंकित किया, उनका चेहरा अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि आॅपरेशन सिंदूर पर दुष्प्रचार कर विपक्ष देशविरोधी ताकतों की ढाल बनने का कार्य कर रहा है।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल झंडा फहराने का आयोजन नहीं, बल्कि जन-जन में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने का जनआंदोलन है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में लगातार चौथी बार शुरू हुआ है और इसने राष्ट्र चेतना को सशक्त अभिव्यक्ति दी है।

योगी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान और हर हाथ में स्वदेशी उत्पाद का मंत्र, आत्मनिर्भर भारत की भावना को जमीन पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यकतार्ओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़कर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं, उसके साथ सेल्फी लें, लोगों को इससे जोड़ें और ओडीओपी जैसे स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर स्थानीय शिल्प को प्रोत्साहन दें। यह भारत को आर्थिक रूप से मजबूत करके ब्लैकमेल करने वालों को करारा उत्तर देने का सबसे सशक्त तरीका है।

मुख्यमंत्री ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह कार्य केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राजनीतिक जिम्मेदारी भी है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि उसके बूथ की मतदाता सूची में कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। 18 वर्ष की आयु को पूर्ण कर चुके युवा मतदाताओं को जोड़ना संगठनात्मक परिपक्वता का परिचायक है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version