रांची। निर्वाचन आयोग की टीम झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने 23 सितंबर को रांची आएगी। दो दिनों तक चलने वाले इस दौरे में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार समेत तीनों चुनाव आयुक्त शामिल होंगे। माना जा रहा है कि नवंबर-दिसंबर में राज्य में चुनाव हो सकते हैं। आयोग की टीम 23 सितंबर को सुबह 9 बजे रांची पहुंचेगी। इस दौरान वे विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, इन्फोर्समेंट एजेंसियों और राज्य के आला अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। टीम चुनाव तैयारियों की समीक्षा करेगी और जरूरी दिशा-निर्देश जारी करेगी।

राजनीतिक दलों के साथ बैठक में बीजेपी, कांग्रेस, जेएमएम, राजद, आप, नेशनल पीपुल्स पार्टी, सीपीआईएम, आजसू और बसपा के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इन्फोर्समेंट एजेंसियों के साथ बैठक में ईडी, नारकोटिक्स, रेलवे और एयरपोर्ट के अधिकारी रहेंगे। पहले दिन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और नोडल पुलिस अफसर चुनाव तैयारियों की जानकारी आयोग को देंगे। मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ भी आयोग की अलग से बैठक होगी।

24 को सभी जिलों के डीसी-एसपी के साथ बैठक : 24 सितंबर को आयोग की टीम सभी जिलों के डीसी, आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी के साथ बैठक करेगी। इसमें चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा होगी। आयोग के दौरे से पहले राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार ने तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निदेर्शों का पूरी तरह पालन किया जाएगा और निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराए जाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version